लक्ष्मीपुर (जमुई). आजादी के जश्न के अवसर पर लक्ष्मीपुर प्रखंड में भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई. डीएम नवीन के निर्देश पर सीओ रविकांत ने बीडीओ प्रेम प्रकाश की उपस्थिति में प्रखंड की 13 पंचायतों से चयनित 15 भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा वितरित किया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया.
पर्चा मिलते ही लाभुकों के चेहरों पर लौटी खुशी
अपने कार्यालय कक्ष में पर्चा वितरण के दौरान अधिकारियों ने सभी लाभुकों को बधाई दी. लंबे समय से घर बनाने के लिए जमीन की उम्मीद लगाए परिवारों को जब वासगीत पर्चा मिला तो उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई. स्थानीय लोगों ने इस पहल को भूमिहीन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.
प्रखंड का कोई पात्र परिवार नहीं रहेगा वंचित
सीओ रविकांत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर भूमिहीन परिवार को स्थायी आश्रय का आधार उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुर प्रखंड में कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा. पात्र परिवारों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया के आधार पर आगे भी वासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.
दो वर्षों में 100 से अधिक परिवारों को मिला लाभ
सीओ ने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान लक्ष्मीपुर प्रखंड की 13 पंचायतों में 100 से अधिक भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा दिया जा चुका है. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास बनाने का अवसर मिल सके.
35 और परिवारों को लाभ देने की प्रक्रिया जारी
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में 35 और भूमिहीन परिवारों को इस अभियान से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है. पात्रता और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन परिवारों को भी जल्द वासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.
बिचौलियों से रहें दूर, सीधे अंचल कार्यालय में करें संपर्क
सीओ रविकांत ने भूमिहीन परिवारों से अपील की कि वे किसी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं. उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवार सीधे अंचल कार्यालय से संपर्क करें. यदि कोई योग्य परिवार अभी तक लाभ से वंचित है तो वह कार्यालय में आवेदन देकर अपनी समस्या बता सकता है. ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा.
जदयू की पूर्व प्रखंड अध्यक्ष समेत कई लोग रहे मौजूद
पर्चा वितरण के दौरान जदयू की पूर्व प्रखंड अध्यक्ष करुणा देवी सहित कई गणमान्य लोग, ग्रामीण और लाभुक मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पात्र परिवारों को सरकारी प्रावधानों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी भी दी.
