जमुई. अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राज्यव्यापी आह्वान पर गुरुवार को शहर के कचहरी चौक पर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यक्रम की अध्यक्षता खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के नेता वासुदेव राय ने की.
बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग परेशान : बाबू साहब सिंह
प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की परेशानी बढ़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है. उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की.
चीनी-प्याज के बढ़ते दाम से बिगड़ा रसोई का बजट
महिला नेत्री किरण गुप्ता ने कहा कि चीनी और प्याज समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है. उन्होंने सरकार से महंगाई पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.
कार्यकर्ताओं ने जतायी चिंता
जिला कमेटी सदस्य मो हैदर और जयराम तुरी ने भी बढ़ती कीमतों पर चिंता जतायी. वक्ताओं ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि का सबसे अधिक असर गरीब और मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है.
दर्जनों कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान दीपमाला, सुभाष सिंह, रंजीत भगत, चंदन तांती, पंकज कुमार व शंभू मांझी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
