जमुई के खैरा में कुपोषण के खिलाफ महाजंग: 'पोषण संवाद' में जुटीं दर्जनों महिलाएं, सीखा थाली को सेहतमंद बनाने का तरीका

खैरा प्रखंड के खलारी गांव में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर 'पोषण संवाद' कार्यक्रम आयोजित हुआ. गांव की 40 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर संतुलित आहार, बच्चों के पोषण, एनीमिया से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की.

जमुई, खैरा. राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 के अवसर पर रविवार को खैरा प्रखंड के खलारी गांव में स्वयंसेवी संस्था परवरिश एक नई पहल की ओर से राष्ट्रीय पोषण सप्ताह सह पोषण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में गांव की 40 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया. इस दौरान महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री माताओं के खान-पान, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूक किया गया.

महिलाओं से संवाद कर पोषण की चुनौतियों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में संस्था के सचिव सनोज कुमार ने महिलाओं से सीधे संवाद किया. इस दौरान पोषण से जुड़ी दैनिक जीवन की चुनौतियों और उनके अनुभवों पर चर्चा की गयी. उन्होंने कहा कि परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भोजन की मात्रा के साथ उसकी गुणवत्ता और विविधता भी जरूरी है. उन्होंने स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित आहार तैयार करने की जानकारी भी महिलाओं को दी.

गर्भवती और धात्री माताओं के खान-पान पर जोर

सामाजिक कार्यकर्ता बेबी कुमारी ने गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और बच्चों के लिए उचित आहार की जानकारी दी. उन्होंने एनीमिया से बचाव के उपायों के बारे में भी महिलाओं को बताया. उन्होंने महिलाओं से अपने और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की.

स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल को बताया जरूरी

सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पासवान ने पोषण के साथ स्वच्छता, साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल और स्वस्थ खान-पान की आदतों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि कुपोषण से लड़ने के लिए सरकारी योजनाओं के साथ परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है.

महिलाओं ने साझा किये सवाल और अनुभव

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पोषण से जुड़े विभिन्न सवाल और अपनी समस्याएं साझा कीं. कार्यकर्ताओं ने संवाद के माध्यम से उनके सवालों का समाधानपरक सुझाव दिया और रोजमर्रा के जीवन में पोषण संबंधी बेहतर आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया.

संतुलित आहार और जागरूकता का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने परिवार में संतुलित आहार, स्वच्छता और बेहतर पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया. साथ ही समुदाय की अन्य महिलाओं और परिवारों के बीच भी पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने की बात कही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गुलशन कश्यप

गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >