जमुई में दामाद की हत्या कर जमीन में दफनाने का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार

Kala Village Murder Case: जमुई में जमीन में दफन मिला दामाद का शव, पुलिस कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप

Kala Village Murder Case: जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के काला गांव में दामाद की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है.

जमीन से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने दंडाधिकारी और मृतक के परिजनों की मौजूदगी में जमीन में दफन शव को बाहर निकलवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया.

इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. गांव में पूरे दिन इस हत्याकांड की चर्चा होती रही.

मृतक की मां ने दर्ज करायी प्राथमिकी

मृतक की मां मालती देवी, निवासी नैयाडीह शुगापहाड़ी, जिला देवघर ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज मामले में सास पागो देवी, गौतम पंडित, संगीता देवी, कंचन कुमारी और सजनी कुमारी को नामजद आरोपी बनाया गया है.

परिजनों का आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर युवक की हत्या की और फिर शव को जमीन में दफना दिया ताकि घटना छिपायी जा सके.

चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

मोहनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पागो देवी, संगीता देवी, कंचन कुमारी और सजनी कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

वहीं मामले के मुख्य आरोपी गौतम पंडित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इलाके में दहशत, पुलिस कर रही गहन जांच

इस हत्याकांड के सामने आने के बाद काला गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.

पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: Patna News: इबोला वायरस को लेकर राजधानी के अस्पतालों में अलर्ट, गाइडलाइन का इंतजार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >