झाझा : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने झाझा होकर दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें झाझा समेत आसनसोल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी. इससे त्योहारों के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है.
नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन के 9 फेरे
आसनसोल मंडल के सूचना पदाधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी. ट्रेन नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 04051 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी. यह ट्रेन हावड़ा से रात 1:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
दोनों दिशाओं में ट्रेन 9-9 फेरे लगाएगी. रास्ते में दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और झाझा समेत अन्य स्टेशनों पर ठहराव होगा.
अमृतसर-कोलकाता स्पेशल के 8 फेरे
गाड़ी संख्या 04624 अमृतसर-कोलकाता स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी. ट्रेन अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 04623 कोलकाता-अमृतसर स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी. ट्रेन कोलकाता से सुबह 4:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:05 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में 8-8 फेरे होंगे. ट्रेन का ठहराव झाझा के अलावा दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह समेत अन्य स्टेशनों पर होगा.
सामान्य, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा
दोनों जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. आसनसोल मंडल की ओर से संबंधित स्टेशन प्रबंधकों को ट्रेनों के परिचालन और ठहराव की जानकारी दे दी गयी है.
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के बीच इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से दिल्ली, पंजाब, झारखंड और बंगाल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा.
