जमुई में बड़ी साजिश नाकाम! हल्दिया-बरौनी भूमिगत पाइपलाइन में अपराधियों ने लगाई सेंध, जमीन खोदकर तेल चोरी का प्रयास

झाझा के पास अपराधियों ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की भूमिगत तेल पाइपलाइन को खोदकर क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया. चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही इसकी सूचना मिल गई, जिससे एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

झाझा (जमुई). थाना क्षेत्र के बाराजोर के समीप अपराधियों ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की हल्दिया-बरौनी भूमिगत तेल पाइपलाइन में सेंधमारी कर क्रूड ऑयल चोरी करने का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आईओसीएल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. कंपनी के मुख्यालय से संबंधित प्वाइंट के पास अलर्ट मिलने के बाद आईओसीएल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का निरीक्षण किया.

पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए खोदा गया था गड्ढा

बताया गया कि अपराधियों ने भूमिगत पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए जमीन में गड्ढा खोदा था. इसके बाद मुख्य पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर उससे क्रूड ऑयल निकालने का प्रयास किया गया. हालांकि चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही कंपनी को पाइपलाइन से छेड़छाड़ की जानकारी मिल गयी.

आईओसीएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कराया मरम्मत कार्य

बीते गुरुवार देर शाम आईओसीएल के परिचालन एवं रखरखाव पदाधिकारी अतुल्य शिवम समेत अन्य अधिकारी और सुरक्षाकर्मी बाराजोर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद एहतियात के तौर पर मजदूरों की मदद से पाइपलाइन को दुरुस्त कराया गया.

कंपनी अधिकारी ने झाझा थाना में दिया आवेदन

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईओसीएल के अधिकारियों ने तत्काल झाझा थाना पुलिस को सूचना दी. इस संबंध में कंपनी के परिचालन एवं रखरखाव पदाधिकारी अतुल्य शिवम ने थाना में लिखित आवेदन दिया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

अज्ञात अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त करने की घटना में कितने लोग शामिल थे और उन्होंने भूमिगत पाइपलाइन तक किस तरह पहुंच बनाई. साथ ही घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.

इलाके में बढ़ायी गयी गश्ती

एसडीपीओ बिकाश केशव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. अज्ञात चोरों द्वारा क्रूड ऑयल चोरी करने का प्रयास किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना को देखते हुए क्षेत्र में गश्ती दल को भी तेज कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >