Jeevika Didi Haat: ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में जल्द ही जीविका दीदी हाट की शुरुआत की जाएगी. इसका संचालन सदर प्रखंड के झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन में स्वाभिमान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा.
20 से 25 जीविका दीदियों को मिलेगा रोजगार
जीविका दीदी हाट शुरू होने से करीब 20 से 25 महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा. इस हाट का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और उनकी आय में वृद्धि हो.
एक ही परिसर में मिलेंगे कई तरह के उत्पाद
हाट में ताजी सब्जियां, फल, किराना सामान, डेयरी उत्पाद, मछली-मांस, जन औषधि, स्टेशनरी, सिलाई सामग्री, श्रृंगार सामग्री, कृषि उत्पाद तथा दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुओं की दुकानें संचालित होंगी. इससे स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे.
हाट संचालन को लेकर दिया गया प्रशिक्षण
जीविका जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र में शुक्रवार को जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार की अध्यक्षता में एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. राज्य स्तरीय टीम ने जीविका दीदियों एवं संबंधित अधिकारियों को हाट संचालन, दुकान प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण और व्यवसाय संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी.
पारदर्शी तरीके से होगा दुकानों का आवंटन
हाट के संचालन के लिए पांच सदस्यीय प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा. परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. दुकानों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा.
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया बाजार
Jeevika Didi Haat: जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि झाझा बस स्टैंड स्थित एसजीएसवाई भवन का भौतिक निरीक्षण पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि जीविका दीदी हाट शुरू होने से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और जिले में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
