Jamui Weather Update: शुक्रवार सुबह जमुई जिले में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. सुबह करीब नौ बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं. देखते ही देखते तेज गड़गड़ाहट, बिजली की चमक और आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. अचानक बदले मौसम से लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन प्रभावित हो गया.
कुछ ही मिनटों में दिन में छा गया अंधेरा
घने बादलों की वजह से सुबह के समय ही चारों ओर अंधेरा जैसा माहौल हो गया. तेज हवाओं के कारण लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए. कई लोग दुकानों और घरों में शरण लेते दिखे. मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, जिसके बाद प्रशासन भी सतर्क था.
बाजारों और सड़कों पर बढ़ी परेशानी
लगातार हो रही बारिश के कारण जमुई बाजार की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई. महारगंज बाजार, महिसौड़ी और पंचमंदिर रोड समेत कई इलाकों में मुख्य सड़क पर पानी भर गया. इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगह वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़ा.
तेज आंधी से गिरे पेड़ और पौधे
तेज आंधी के कारण जिले के कई हिस्सों में पेड़ और पौधे गिरने की सूचना मिली है. ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी खबर सामने आई है. अचानक आए खराब मौसम ने आम लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों के नीचे खड़े होने से बचें. जरूरी काम नहीं होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील भी की गई है.
गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ी मुश्किलें
हालांकि बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज आंधी, जलजमाव और खराब मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. समाचार लिखे जाने तक जिले में बारिश का दौर जारी था.
