TB Free Campaign: जमुई सदर अस्पताल परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन एवं सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान मरीजों को नियमित उपचार के साथ पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी भी दी गई.
डीएम ने पौष्टिक आहार पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई में समय पर इलाज के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक टीबी मरीज को बेहतर इलाज के साथ पोषण सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें जल्द स्वस्थ करना है. उन्होंने मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की.
टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी जरूरी
सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में मरीजों की पहचान, उपचार और पोषण सहायता पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है.
मरीजों को वितरित किया गया फूड बास्केट
कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई. अधिकारियों ने कहा कि पोषण सहायता से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और उपचार का बेहतर परिणाम मिलता है.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
TB Free Campaign: कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार, डीपीआरओ मेनका कुमारी, टीबी विभाग के हरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, बबलू कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
