देवघर से मुंडन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मैजिक पलटी, एक ही परिवार के 5 लोग घायल, 20 को आई मामूली चोट

Jamui Road Accident: जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र में देवघर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मैजिक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

Jamui Road Accident: जमुई. बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन और बच्चे का मुंडन संस्कार कर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस समय मातम में बदलते-बदलते बचीं, जब उनकी मैजिक गाड़ी जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई. आधी रात के बाद कटौना के पास सामने से आ रहे एक हाईवा को बचाने के दौरान मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. वाहन में सवार 25 श्रद्धालुओं में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि 20 अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं. समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

कटौना के पास आधी रात को हुआ हादसा

यह हादसा शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि के बाद मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना के पास हुआ. जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं से भरी मैजिक गाड़ी देवघर से बेगूसराय लौट रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन का संतुलन खो दिया और मैजिक सड़क किनारे पलट गई.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पलटी हुई मैजिक में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

दुर्घटना के बाद सड़क पर पलटी मैजिक को भी स्थानीय लोगों ने सीधा कर किनारे कराया, जिससे यातायात सामान्य हो सका.

एक ही परिवार के पांच लोग घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान बेगूसराय जिले के बनवारीपुर गांव निवासी रमेश चौरसिया, उनकी पत्नी सोनी देवी, पुत्री अंजली कुमारी, रिश्तेदार अनीता देवी और जीवा चौरसिया के रूप में हुई है. सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं.

अन्य 20 श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिली.

बच्चे का मुंडन कर लौट रहा था परिवार

घायल रमेश चौरसिया ने बताया कि पूरा परिवार बच्चे का मुंडन संस्कार कराने देवघर गया था. बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद सभी लोग मैजिक से अपने गांव लौट रहे थे.

उन्होंने बताया कि कटौना के पास अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने कट मार दिया. वाहन को बचाने की कोशिश में मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई.

हाईवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस उस हाईवा की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिसने कथित तौर पर मैजिक को चकमा दिया था.

प्राथमिक जांच में राहत की बात यह रही कि वाहन पलटने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि हादसे ने एक बार फिर श्रावणी यात्रा और धार्मिक यात्राओं के दौरान सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को रेखांकित किया है.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >