जमुई सदर अंचल के नव पदस्थापित अंचल अधिकारी (सीओ) सौरभ कुमार ने पदभार ग्रहण करते ही कार्यालय की कार्यप्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेकर लंबित मामलों, राजस्व कार्यों और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्य अपेक्षित गति से नहीं होने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कार्यालय की कार्यप्रणाली की ली जानकारी
पदभार संभालने के बाद सीओ सौरभ कुमार ने अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, राजस्व वसूली और अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों से विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिये.
बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मीडिया से बातचीत में सीओ ने कहा कि अंचल कार्यालय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बिचौलियों की भूमिका स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी की बिचौलियों के साथ मिलीभगत सामने आती है या कोई व्यक्ति गलत तरीके से काम कराने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पारदर्शी और जनहितैषी व्यवस्था होगी प्राथमिकता
सीओ सौरभ कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अंचल कार्यालय को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना है. भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र सहित सभी राजस्व संबंधी कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जायेगा.
जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाएगा. उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सदर अंचल को एक आदर्श और पारदर्शी कार्यालय बनाया जयेगा.
