Jamui Model School: सोनो (जमुई)प्लस टू राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सोनो का चयन सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय के रूप में किया गया है. रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय से आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य के 551 चयनित विद्यालयों के साथ इसका भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण विद्यालय परिसर में किया जाएगा.
551 विद्यालयों का होगा एकीकृत उद्घाटन
राज्य सरकार की इस पहल के तहत बिहार के 551 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को इन सभी विद्यालयों का एक साथ वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
जिला शिक्षा विभाग ने बनाई निगरानी टीम
उद्घाटन समारोह को सफल, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं. विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों की निगरानी और समन्वय के लिए छह अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि समारोह सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
छात्रों को मिलेंगी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं
उच्च विद्यालय सोनो के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने बताया कि आदर्श विद्यालय बनने के बाद यहां छात्रों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग सेंटर, डिजिटल लाइब्रेरी, हाई-स्पीड इंटरनेट, खेल मैदान, ओपन जिम, मल्टीपल एक्टिविटी हॉल, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, हैंडवॉश स्टेशन, साप्ताहिक टेस्ट और रिमेडियल क्लास जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर रहेगा जोर
Jamui Model School: विद्यालय प्रशासन का मानना है कि नई सुविधाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा मिलेगी. इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ उठाकर प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे.
