जमुई में फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

Jamui Farmer Registry News: जमुई में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की धीमी रफ्तार पर जिला प्रशासन सख्त हो गया है. डीएम नवीन ने खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को 48 घंटे के भीतर लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट.

Jamui Farmer Registry News: जमुई जिले में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में सुस्ती और राज्य स्तरीय रैंकिंग में पिछड़ने पर जिला पदाधिकारी नवीन ने कड़ा रुख अपनाया है. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने 48 घंटे के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश देते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई के आदेश दिये हैं.

खराब प्रदर्शन पर अधिकारियों की बढ़ी मुश्किल

बैठक में डीएम ने अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा को निर्देश दिया कि लक्ष्य से पीछे चल रहे राजस्व कर्मचारियों और कृषि समन्वयकों की सूची तैयार कर विभागीय कार्रवाई शुरू की जाये.

डीएम ने कहा कि जिले की रैंकिंग सुधारना अब प्राथमिकता है और इसके लिए हर कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा. उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर कार्य की निगरानी करने को कहा.

रोजाना 10 फार्मर रजिस्ट्री का टारगेट

अभियान को तेज करने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने लॉगिन से प्रतिदिन कम से कम 10 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करने का निर्देश दिया गया है. डीएम ने स्पष्ट किया कि रोजाना लॉगिन और कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग भी होगी.

उन्होंने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं, पैक्स अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कैंप मोड में अभियान चलाने का निर्देश दिया.

किसानों के लिए क्यों जरूरी है फार्मर रजिस्ट्री

डीएम नवीन ने कहा कि भविष्य में सरकारी योजनाओं, कृषि अनुदान और डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री बेहद जरूरी होगी. अगर किसान समय रहते रजिस्ट्री नहीं कराते हैं तो वे कई सरकारी सुविधाओं से वंचित हो सकते हैं.

उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे आगे आकर जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं.

27 मई तक चलेगी विशेष निगरानी

डीएम ने कहा कि 27 मई तक सभी वरीय अधिकारी लगातार क्षेत्र में रहकर अभियान की निगरानी करेंगे. नए जमाबंदी वाले किसानों की रजिस्ट्री को प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया गया है.

बैठक के दौरान डीएम का रुख काफी सख्त दिखा और उन्होंने समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की अंतिम चेतावनी दी.

Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >