अलकजरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिला, पति फरार, पुलिस जांच में जुटी

Jamui Crime News : झाझा के अलकजरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी. मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया, एफएसएल टीम और पुलिस जांच में जुटी.

झाझा, जमुई से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट

Jamui Crime News : जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र की हथिया पंचायत स्थित अलकजरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलने पर झाझा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में मृतका का पति फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है.

Jamui Crime News : घर में मिला विवाहिता का शव

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अलकजरा गांव निवासी अमित कुमार की 20 वर्षीय पत्नी पवली देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्षमिंटु कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

ससुर ने पुलिस को क्या बताया?

घटना के समय घर में मौजूद मृतका के बुजुर्ग ससुर सहदेव यादव ने पुलिस को बताया कि पवली देवी का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका हुआ था. उन्होंने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले अलकजरा गांव पहुंचे और दामाद पर हत्या का आरोप लगाया. मृतका की मां मीणा देवी, जो लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, ने बताया कि पिछले वर्ष वैशाख महीने में बेटी की शादी अमित कुमार से हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति का व्यवहार ठीक नहीं था और वह अक्सर बेटी के साथ मारपीट करता था.

ये भी पढ़ें : भागलपुर समेत दक्षिण बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, 8 जुलाई तक आंधी-पानी के आसार

मौत से पहले बहन को किया था फोन

मृतका की मां ने बताया कि चार दिन पहले अमित कुमार उनकी बेटी को अपने घर लेकर आया था. रविवार शाम पवली देवी ने अपनी बहन को फोन कर पति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद अमित कुमार बेटी के खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता था.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

ये भी पढ़ें : सुलतानगंज में श्रावणी मेला की उलटी गिनती शुरू, जानिए श्रद्धालुओं के लिए क्या-क्या बदलने वाला है

पति की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्षमिंटु कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने तक शव नीचे रखा हुआ था. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. मृतका का पति अमित कुमार घर से फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें : जमुई में बोले परिवहन मंत्री-बिहार में 2028 तक 15% वाहन होंगे इलेक्ट्रिक, जनता का भरोसा निभाना मेरी प्राथमिकता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >