Jamui Crime News: जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट — जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां पति ने अपनी पत्नी की हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति फरार होने के बजाय पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा. सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हसुआ भी बरामद कर लिया गया है.
आधी रात घर में हुआ खूनी खेल
घटना खैरा थाना क्षेत्र के कहरडीह गांव स्थित महादलित टोला की है. मृतका की पहचान 45 वर्षीय उगनी देवी के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था.
बताया जा रहा है कि आरोपी गगन मांझी को लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. मंगलवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने घर में रखा हसुआ उठाया और पत्नी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोट लगते ही उगनी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हत्या के बाद भी नहीं भागा आरोपी
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार नहीं हुआ. वह पूरी रात खून से लथपथ शव के पास बैठा रहा.
सुबह जब पड़ोसियों ने घर के भीतर से हलचल नहीं सुनी तो लोगों को शक हुआ. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर खून फैला हुआ था और महिला की लाश जमीन पर पड़ी थी.
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया हसुआ भी बरामद कर लिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
अवैध संबंध के शक में हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पत्नी के चरित्र पर शक और अवैध संबंध की आशंका से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
