शशिलाल, बरहट की रिपोर्ट.
Jamui Crime News: जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर गांव के समीप शुक्रवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक शिक्षक सह मुखिया पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल शिक्षक की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है. वे पूर्व मुखिया स्वर्गीय महेश रविदास के पुत्र हैं, जबकि उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान में पंचायत की मुखिया हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
स्कूल जाने के दौरान घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार गौतम कुमार दास लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं. शुक्रवार सुबह वे बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर स्कूल जाना था. इसी दौरान बिशनपुर गांव के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
कंधे के नीचे लगी गोली, हालत गंभीर
अपराधियों द्वारा चलाई गयी गोली शिक्षक के दाहिने कंधे के नीचे लगी और आर-पार हो गयी. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मलयपुर की ओर फरार हो गए. गोली लगने के बावजूद घायल शिक्षक ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, निजी क्लीनिक में चल रहा इलाज
सूचना मिलते ही बरहट थाना की गश्ती टीम में तैनात एएसआई मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
धमकी के बाद हुई वारदात से बढ़ी आशंका
घटना के बाद घायल शिक्षक की मां और वर्तमान मुखिया मोहनी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले मुकेश कुमार नामक व्यक्ति द्वारा धमकी दी गयी थी. उन्होंने आशंका जताई कि उसी के इशारे पर इस हमले को अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
