Jamui Cough Syrup Raid: जमुई में प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. कवैया मुसहरी में पुलिस ने एक मकान के बेसमेंट में छिपाकर रखी गई 7 हजार से अधिक बोतल प्रतिबंधित कोडिंग कफ सिरप बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, सिरप को वाहनों के जरिए लाकर मकान के बेसमेंट में स्टॉक किया जाता था और वहीं से इसकी बिक्री की जाती थी. कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि टेंपो, बोलेरो पिकअप और स्कॉर्पियो समेत चार वाहनों को जब्त किया गया है.
पुलिस की इस कार्रवाई से यह भी सामने आया है कि प्रतिबंधित कफ सिरप के भंडारण के लिए मकान के बेसमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस अब केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
गुप्त सूचना के बाद बेसमेंट तक पहुंची पुलिस
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि 31 अगस्त की शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि इन्दपे-कवैया मुसहरी निवासी रंजीत शाह अपने मकान के बेसमेंट में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिंग कफ सिरप छिपाकर रखे हुए है.
सूचना मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर को इसकी जानकारी दी गयी. इसके बाद सदर थाना और खैरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान पर छापेमारी की.
पुलिस टीम जब मकान के बेसमेंट में पहुंची तो वहां बोरे और कार्टन में कफ सिरप की बोतलें रखी मिलीं. जांच के दौरान करीब 15 बोरे में रखे कार्टन से लगभग 3600 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गयी.
मकान के बाहर खड़े वाहनों से भी मिली खेप
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित कफ सिरप केवल मकान के अंदर ही नहीं रखा गया था. मकान के बाहर खड़े वाहनों की तलाशी लेने पर भी बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद हुई.
पुलिस ने टेंपो से करीब 8 पेटी और बोलेरो पिकअप से करीब 7 पेटी कफ सिरप बरामद की. कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो भी जब्त की गयी.
पूरी कार्रवाई में करीब 30 पेटी और 7 हजार से अधिक बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.
तीन लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने मौके से रंजीत साह, सुजय कुमार पांडेय और मो. इकबाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में उनकी भूमिका क्या थी और प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से मंगायी जाती थी.
पुलिस की जांच का दायरा अब बरामद कफ सिरप से आगे बढ़ गया है. अधिकारियों की नजर इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवा की आपूर्ति किस माध्यम से हो रही थी.
कहां जाती थी कफ सिरप की खेप, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, प्रतिबंधित कफ सिरप को वाहनों के माध्यम से लाकर मकान के बेसमेंट में स्टॉक किया जाता था. इसके बाद वहीं से इसकी बिक्री किए जाने की बात सामने आयी है.
ऐसे में पुलिस अब आपूर्ति के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि कफ सिरप की खेप कहां से आती थी, किन लोगों के माध्यम से पहुंचती थी और इसकी बिक्री किन-किन इलाकों में की जाती थी.
पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि इस कारोबार में गिरफ्तार तीन लोगों के अलावा और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. बरामद वाहनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
Jamui Cough Syrup Raid: पहले छापेमारी की खबर, अब सामने आयी पूरी तस्वीर
कवैया मुसहरी के समीप सोमवार शाम एक मकान में पुलिस की संयुक्त छापेमारी की खबर सामने आयी थी. उस समय मकान से प्रतिबंधित कफ सिरप के कई कार्टन बरामद होने और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना थी.
अब एसपी की ओर से दी गयी जानकारी के बाद कार्रवाई की पूरी तस्वीर सामने आयी है. बड़ी संख्या में कफ सिरप की बरामदगी और तीन लोगों की गिरफ्तारी ने मामले को गंभीर बना दिया है.
पुलिस की अगली कार्रवाई अब इस बात पर निर्भर करेगी कि पूछताछ और जांच में सप्लाई चेन से जुड़े कितने नाम सामने आते हैं. फिलहाल पुलिस प्रतिबंधित कफ सिरप के इस कथित कारोबार के नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है.
