सोनो (जमुई) से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Jamui Road Accident: जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत बटिया थाना के एनएच 333 स्थित दहियारी मोड़ के पास बुधवार को दो बाइक की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद युवक का पैर दूसरी बाइक के पहिए में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बाइक मिस्त्री को बुलाकर काफी देर बाद घायल को बाहर निकाला गया.
बहन को परीक्षा दिलाने जा रहा था युवक
घायल युवक की पहचान महुगाय गांव निवासी राम शर्मा के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि विशाल फिलहाल औरैया स्थित अपने नानी घर में रहता है. बुधवार को वह अपनी बहन को चकाई प्रखंड के विशनपुर स्थित कॉलेज में परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जा रहा था.
पीछे से आई बाइक ने मारी जोरदार टक्कर
दहियारी मोड़ के समीप पीछे से तेज गति से आ रही एक बाइक ने विशाल की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि विशाल सड़क पर गिर गया और उसका पैर दूसरी बाइक के पहिए में बुरी तरह फंस गया. दर्द से युवक मौके पर ही तड़पने लगा.
मिस्त्री ने मशक्कत के बाद निकाला पैर
Jamui Road Accident: घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन पहिए में फंसा पैर निकालना आसान नहीं था. इसके बाद स्थानीय बाइक मिस्त्री को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद बाइक के पहिए से युवक का पैर बाहर निकाला गया. इसके बाद ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है.
बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. घटना के कारण कुछ देर तक एनएच 333 पर लोगों की भीड़ जुटी रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
