जमुई : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शुक्रवार को जमुई शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से निकली यात्रा में जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ सरकारी विद्यालयों की छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बन रहा था.
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल और अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने किया. कार्यक्रम की विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने संभाली. यात्रा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से शुरू होकर महाराजगंज, खैर मोड़ और महेश्वरी बायपास रोड होते हुए पुन: स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.
देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा शहर
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से सराबोर नजर आया. सरकारी विद्यालयों की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया. जिला प्रशासन की ओर से लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गयी.
युवाओं में मजबूत होती है देशभक्ति की भावना : डीएम
जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव और सम्मान का राष्ट्रीय पर्व है. इसे जमुई के सभी नागरिकों को हर्षोल्लास के साथ मिल-जुलकर मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं और बच्चों में देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश समाज तक पहुंचता है.
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध : एसपी
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है. पुलिस प्रशासन इस पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बेहतर तरीके से मनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने जिलेवासियों से उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व में भाग लेने की अपील की.
त्योहार की तरह मनाएं राष्ट्रीय पर्व : एसडीओ
अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने कहा कि जिस तरह हम सभी त्योहारों को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाते हैं, उसी तरह स्वतंत्रता दिवस को भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाना चाहिए.
तिरंगा यात्रा में जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय पासवान, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार, प्रभारी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार, कला एवं संस्कृति विभाग के विकेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका, नगर परिषद पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता, टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, सिंचाई प्रमंडल के गौतम कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया. आयोजन में अधिकारी, छात्राएं और आम नागरिक एक साथ नजर आये, जो एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देता दिखा.
