अभया ब्रिगेड ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को किया जागरूक
चकाई. थाना क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग संचालकों में सोमवार को थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार की देखरेख में अभय ब्रिगेड अभियान के तहत नियुक्त महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उनके साथ होने वाली छेड़खानी, उत्पीड़न एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम करना रहा. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कोचिंग संचालकों में जाकर अभया ब्रिगेड के पुलिस पदाधिकारी आलो रानी गाइन एवं नेहा कुमारी ने छात्राओं को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को डायल 112, साइबर फ्रॉड से बचाव, बहला-फुसलाकर बालिकाओं को ले जाने जैसी घटनाओं से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया. थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार एवं अपर थाना अध्यक्ष प्रभात राय ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने छात्राओं से निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने, हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया.
गौरतलब हो कि अभया ब्रिगेड अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में एक सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है. यह अभियान आगे भी विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जाता रहेगा, ताकि बालिकाएं स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें। मौके पर पुलिस पदाधिकारी व कर्मी, छात्र अभिभावक, ग्रामीण उपस्थित रहे.