भूमि विवाद से जुड़े तीन मामलों का किया निष्पादन

अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन

चंद्रमंडीह. चकाई अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवाद निस्तारण को लेकर साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. अंचलाधिकारी राजकिशोर साह के नेतृत्व में आयोजित इस दरबार में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं. जनता दरबार में अपनी शिकायतों को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों का आना शुरू हो गया था. इस दौरान सुनवाई के लिए कुल पांच मामले पटल पर आये. इसमें चार नये आवेदन प्राप्त हुए, जबकि एक पुराने मामले पर भी सुनवाई की गयी. अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलों को गंभीरता से सुना और कागजातों की जांच के बाद तीन मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया. वहीं शेष दो मामलों में पेचीदगी को देखते हुए संबंधित पक्षों से आवश्यक कागजातों की मांग की गयी है. साथ ही उन्हें अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. अंचलाधिकारी राजकिशोर साह ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार के माध्यम से भूमि संबंधित विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निबटारा किया जा रहा है. हमारा मुख्य उद्देश्य है कि छोटे-मोटे जमीन विवादों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर स्थानीय स्तर पर ही सुलझा लिया जाये, ताकि आम लोगों को कोर्ट-कचहरी का चक्कर नहीं लगाना पड़े. साथ ही क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनी रहे. इस अवसर पर राजस्व अधिकारी वेद प्रकाश, चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, अवर निरीक्षक शिवनंदन कुमार और अंचल अमीन अर्जुन रविदास, अंचल कर्मी विनीत कुमार, विपिन कुमार, संतोष कुमार, अभिषेक कुमार, राकेश कुमार सहित दर्जनों की संख्या में फरियादी और ग्रामीण मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >