दो दिनों से लापता वृद्ध का नदी में मिला शव, बघमा गांव में पसरा सन्नाटा

जमुई के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बघमा गांव से दो दिनों से लापता 65 वर्षीय वृद्ध का शव शुक्रवार देर शाम गुगुलडीह नदी घाट से बरामद किया गया. बुधवार को घर से नदी की ओर निकले वृद्ध की पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बघमा गांव से गायब एक वृद्ध का शव शुक्रवार की देर शाम गुगुलडीह नदी घाट के समीप बरामद किया गया. नदी के पानी में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

बुधवार से लापता थे वृद्ध

मृतक की पहचान बघमा गांव निवासी 65 वर्षीय गुही यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गुही यादव बीते बुधवार को घर से यह कहकर निकले थे कि वे नदी की ओर जा रहे हैं. जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. पिछले दो दिनों से सगे-संबंधियों और आसपास के नदी घाटों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला था.

नदी घाट पर तैरता मिला शव

शुक्रवार की शाम गुगुलडीह नदी घाट के समीप स्थानीय ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते हुए एक शव पर पड़ी. देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही बरहट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला. घंटों की मशक्कत और पहचान की कोशिशों के बाद मृतक की शिनाख्त गुही यादव के रूप में की गई.

परिजनों में मचा कोहराम

गुही यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का इकलौता पुत्र बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता है, जिसे इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस ने शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >