अलीगंज.
नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने 80 वर्षीय वृद्ध को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग को बांस-बल्लों से जाम कर दिया. जिस कारण लगभग दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा. हादसा लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दरखा पोखर के समीप सोमवार की सुबह हुआ. मृतक की पहचान दरखा गांव निवासी स्व. पोखन महतो के पुत्र ब्रह्मदेव महतो के रूप में है. परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग ब्रह्मदेव महतो सुबह खेत देखने बहियार की ओर जा रहे थे, तभी अलीगंज बाजार की दिशा से आ रही तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी. इस घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिस कारणा उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया और उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पाकर लछुआड़ थाना प्रभारी प्रेम प्रभात दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मुखिया प्रतिनिधि सुजीत कुमार, रोहित कुमार, एवं पंचायत समिति सदस्य विजय यादव की पहल से लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया गया. ग्रामीण का कहना था कि इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, परंतु अब तक कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं. उन्होंने मुख्यमार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की. थाना प्रभारी प्रेम प्रभात ने ग्रामीणों को समझाया कि इस तरह के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुमति आवश्यक होती है, परंतु आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली के पोल व सीमेंट-गिट्टी से सड़क पर जबरन स्पीड ब्रेकर बना दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज़ रफ्तार वाहनों के कारण क्षेत्र में हमेशा दुर्घटनाओं का भय बना रहता है. अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो और भी हादसे हो सकते हैं. हालांकि करीब दो घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
