Jamui Dead Body Identified : बटिया थाना क्षेत्र स्थित कपटवा नदी के समीप जंगल से बरामद अज्ञात शव की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के सवाखन गांव निवासी 60 वर्षीय बिंदेश्वरी मंडल के रूप में हुई है. शव की पहचान उनके पुत्र ने सदर अस्पताल पहुंचकर की, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया.
देवघर जाने की बात कहकर घर से निकले थे
मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने बताया कि उनके पिता बिंदेश्वरी मंडल शनिवार को देवघर जाने की बात कहकर घर से निकले थे. इसके बाद उनका परिवार उनसे संपर्क नहीं कर सका. रविवार को बटिया थाना क्षेत्र के जंगल से एक अज्ञात शव मिलने की खबर स्थानीय समाचार माध्यमों से मिली, जिसके बाद परिजनों को आशंका हुई कि कहीं शव उनके पिता का तो नहीं है.
सदर अस्पताल में हुई शव की पहचान
सोमवार सुबह नीतीश कुमार सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की. पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया. शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मानसिक रूप से अस्वस्थ थे मृतक, मौत की वजह अब भी रहस्य
परिजनों के अनुसार बिंदेश्वरी मंडल मानसिक रूप से कमजोर थे. ऐसे में वह जंगल तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.
जंगल से मिला था शव, पुलिस कर रही गहन जांच
गौरतलब है कि रविवार को बटिया थाना पुलिस ने झुमराज बाबा मंदिर से उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित कपटवा नदी के किनारे जंगल से एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा था. अब शव की पहचान होने के बाद पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
