राजेंद्र पुल इंटरलॉकिंग कार्य से दर्जनों ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, 4 अक्टूबर तक बदले मार्ग से चलेंगी कई ट्रेनें

हावड़ा-पटना रेलखंड पर राजेंद्र पुल समेत कई स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहेगा. 4 अक्टूबर तक दर्जनों ट्रेनें अपने निर्धारित रूट की जगह बदले हुए रास्ते से गुजरेंगी. यात्रियों को यात्रा से पहले इन बदलावों पर ध्यान देना आवश्यक है.

हावड़ा-पटना मुख्य रेलखंड पर राजेंद्र पुल समेत कई स्टेशनों पर विकासात्मक कार्य शुरू होने के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहेगा. दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल और रामपुर डुमरा तथा सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन पर प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य कराया जा रहा है. प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग का काम 21 सितंबर से शुरू हो चुका है, जबकि नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 4 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान दर्जनों ट्रेनों को उनके मूल मार्ग के बजाय परिवर्तित रास्ते से चलाया जाएगा.

हावड़ा-दिल्ली समेत कई प्रमुख ट्रेनों का बदलेगा रूट

हाजीपुर जोन के मुख्य सूचना पदाधिकारी एस चंद्र के अनुसार, हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस की 25 सितंबर की यात्रा का परिचालन किऊल-गया-ग्रैंड कॉर्ड लाइन के रास्ते परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा.

वहीं हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस की 21, 22, 25, 26, 28 और 29 सितंबर तथा 2 और 3 अक्टूबर की यात्राएं बदले मार्ग से चलेंगी. कोलकाता-अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस 23, 27, 30 सितंबर और 4 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी.

कोलकाता-नांगल डैम गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को तथा हावड़ा-प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस 20 सितंबर से 3 अक्टूबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी.

झाझा-किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ होकर चलेंगी कई ट्रेनें

देवघर-पटना मेमू पैसेंजर का परिचालन 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक झाझा-किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर के रास्ते होगा. इसी रूट से हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस की 22, 25, 27, 29 सितंबर और 2 अक्टूबर की यात्रा भी होगी.

पटना-दुमका एक्सप्रेस का परिचालन 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक बख्तियारपुर-बिहारशरीफ-शेखपुरा-किऊल के रास्ते परिवर्तित किया जाएगा. पटना-जसीडीह मेमू एक्सप्रेस भी 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बदले मार्ग से चलेगी.

पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस 27 सितंबर, पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 3 अक्टूबर तथा पटना-देवघर मेमू पैसेंजर 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक परिवर्तित रूट से चलेंगी.

मुंगेर-भागलपुर-साहिबगंज होकर चलेंगी कई लंबी दूरी की ट्रेनें

हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक बर्द्धमान-रामपुरहाट-साहिबगंज-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी के रास्ते चलेगी. हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस 2 और 3 अक्टूबर तथा सियालदह-बलिया एक्सप्रेस 26 से 29 सितंबर तक इसी परिवर्तित रूट से चलायी जाएगी.

इन ट्रेनों को रामपुरहाट, साहिबगंज और भागलपुर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा.

वापसी दिशा में काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस 25 सितंबर से 3 अक्टूबर, रक्सौल-हावड़ा मिथिला एक्सप्रेस 3 और 4 अक्टूबर तथा बलिया-सियालदह एक्सप्रेस 26 से 30 सितंबर तक बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-साहिबगंज-रामपुरहाट-बर्द्धमान के रास्ते चलेगी. इन ट्रेनों को भी भागलपुर, साहिबगंज और रामपुरहाट में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा.

उपासना और कुंभ एक्सप्रेस का भी बदलेगा मार्ग

हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस 22, 25, 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को प्रधानखंता-गया-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलेगी. हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 21, 23, 24, 26, 27, 28, 30 सितंबर तथा 1 और 3 अक्टूबर को इसी परिवर्तित मार्ग से चलेगी.

वापसी में देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस 23, 26, 30 सितंबर और 3 अक्टूबर तथा देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस 20, 21, 22, 24, 25, 27, 28, 29 सितंबर तथा 1 और 2 अक्टूबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-गया-प्रधानखंता के रास्ते चलेगी.

मौर्य, हैदराबाद-रक्सौल और चारलापल्ली-दरभंगा ट्रेनें भी प्रभावित

संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक किऊल-मुंगेर-बरौनी के रास्ते चलेगी. हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर तथा चारलापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 26 और 29 सितंबर को इसी परिवर्तित मार्ग से चलायी जाएगी.

वापसी दिशा में गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस 26 सितंबर से 4 अक्टूबर, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 27 सितंबर और 4 अक्टूबर तथा दरभंगा-चारलापल्ली एक्सप्रेस 25, 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को बरौनी-मुंगेर-किऊल के रास्ते चलेगी.

पूर्वांचल एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी

कोलकाता-गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस की विभिन्न तिथियों की यात्राएं बर्द्धमान-रामपुरहाट-मालदा टाउन-कटिहार-बरौनी के रास्ते परिवर्तित की जाएंगी. इन ट्रेनों को रामपुरहाट और मालदा टाउन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा.

वापसी में गोरखपुर-कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस की विभिन्न तिथियों की यात्राएं बरौनी-कटिहार-मालदा टाउन-रामपुरहाट-बर्द्धमान के रास्ते होंगी. इन ट्रेनों को मालदा टाउन और रामपुरहाट में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा.

यात्रियों को यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की सलाह

रेलवे की ओर से संबंधित स्टेशन प्रबंधकों को परिवर्तित परिचालन की जानकारी दे दी गयी है. इंटरलॉकिंग कार्य के कारण जिन यात्रियों की यात्रा निर्धारित तिथियों में है, उन्हें स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग और परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गयी है. कार्य पूरा होने के बाद निर्धारित रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने की प्रक्रिया शुरू होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >