जमुई में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक मोड़, मारपीट और पत्थराव में तीन घायल

Jamui Family Dispute : जमुई शहर के थाना चौक मोहल्ले में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के बाद मारपीट और पत्थराव में तीन लोग घायल हो गए. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.

Jamui Family Dispute : जमुई शहर के थाना चौक मोहल्ले में घरेलू विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया. पहले कहासुनी हुई, फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पत्थराव शुरू हो गया. घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

घायलों में एक पक्ष के मो. फिरोज आलम उर्फ बबलू तथा दूसरे पक्ष के मो. शमीम और उनकी पुत्री हिना परवीन शामिल हैं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और पत्थराव करने का आरोप लगाया है.

पहला पक्ष बोला- पंचायत से सुलझना था मामला

मो. फिरोज आलम उर्फ बबलू के परिजनों का कहना है कि फिरोज और उनकी पत्नी हिना परवीन के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इस मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने के लिए एक दिन का समय तय किया गया था. आरोप है कि इसी बीच दूसरे पक्ष ने अचानक पत्थराव शुरू कर दिया, जिससे विवाद हिंसक हो गया.

दूसरे पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

दूसरे पक्ष के घायल मो. शमीम ने बताया कि करीब सात-आठ वर्ष पहले उनकी नाबालिग पुत्री हिना परवीन ने प्रेम प्रसंग में अरबाज आलम उर्फ अरमान से विवाह किया था. उस समय मामला दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया और हिना अपने पति के साथ रहने लगी. इस दौरान उसे दो पुत्र भी हुए.

उन्होंने आरोप लगाया कि करीब ढाई वर्ष पहले अरबाज के रोज़गार के लिए खाड़ी देश जाने के बाद ससुराल वालों ने हिना को घर से निकाल दिया. हाल ही में पति के लौटने के बाद भी उसे घर में रखने से इनकार किया जाता रहा. इस संबंध में महिला थाना में शिकायत की गई थी. पुलिस की पहल पर हिना को ससुराल में प्रवेश तो कराया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >