बैकलॉग वाली एजेंसियों पर नियमित निगरानी करें अधिकारी

जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति और रसोई गैस वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने समाहरणालय में तेल एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधी व संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की.

जमुई. जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति और रसोई गैस वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने समाहरणालय में तेल एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधी व संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में आपूर्ति शृंखला की मौजूदा स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गयी. डीएम ने बीपीसीएल, आईओसीएल, एचपीसीएल सहित पीएनजी प्रतिनिधियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए विशेष रूप से उन गैस एजेंसियों पर नाराजगी जतायी, जिनका बैकलॉग अधिक है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसी एजेंसियों की नियमित निगरानी की जाये और वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी व निष्पक्ष बनाया जाये, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए वितरण के पैटर्न का सूक्ष्म विश्लेषण किया जाए और बेहतर प्रदर्शन के मानकों को अपनाते हुए नियमित समीक्षा की जाये. इससे आपूर्ति शृंखला को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. बैठक में जिले में पीएनजी पाइपलाइन विस्तार की प्रगति पर भी चर्चा की गयी. डीएम ने कार्यपालक पदाधिकारी, जमुई एवं सिकंदरा को निर्देश दिया कि पाइपलाइन के रखरखाव और संचालन के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें. साथ ही, डीएम ने प्रखंड स्तर के वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया. बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि जिले के लोगों को रसोई गैस और अन्य ईंधन की उपलब्धता में कोई दिक्कत न हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >