सोनो (जमुई). क्षेत्र के युवाओं का वर्षों पुराना डिग्री कॉलेज का सपना अब साकार होने जा रहा है. आगामी 15 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से सोनो के नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही जिले के खैरा, लक्ष्मीपुर और अलीगंज प्रखंडों के नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेजों का भी उद्घाटन किया जाएगा. उद्घाटन के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-30 से कला संकाय की पढ़ाई शुरू हो जाएगी.
जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
कॉलेज उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. उद्घाटन के बाद नए कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा.
छह विषयों की पढ़ाई को मिली मंजूरी
मुंगेर विश्वविद्यालय ने चारों नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों की पढ़ाई की स्वीकृति दी है. प्रत्येक विषय में 48-48 सीटें निर्धारित की गई हैं. समर्थ पोर्टल के माध्यम से मेरिट के आधार पर ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया जारी है.
सोनो कॉलेज में 60 से अधिक नामांकन
राजकीय डिग्री कॉलेज, सोनो के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सोनो कॉलेज में अब तक विभिन्न विषयों में 60 से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है. कॉलेज का संचालन फिलहाल पैंनवाजन स्थित मॉडल स्कूल भवन से किया जाएगा और इसी भवन में कक्षाएं संचालित होंगी.
स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
अब तक स्नातक की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को जमुई, देवघर, गिरिडीह, भागलपुर समेत अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी होती थी. नए डिग्री कॉलेज के शुरू होने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी. स्थानीय लोगों ने इसे जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया है.
ALSO READ : घर की छत पर गिरा 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार, 3 घंटे बिजली ठप
