Jamui Oil Theft: झाझा क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की भूमिगत हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन से चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में बाराजोर के समीप चोरों ने जेसीबी मशीन से जमीन खोदकर पाइपलाइन में छेड़छाड़ की और टैंकर के माध्यम से हजारों लीटर क्रूड ऑयल चोरी कर लिया. घटना की जानकारी पुलिस और कंपनी के अधिकारियों को दो दिन बाद मिली. इस घटना ने पाइपलाइन सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
हर दो-तीन वर्ष में सामने आ रही चोरी की घटनाएं
सिमुलतला से झाझा के बीच का इलाका लंबे समय से क्रूड ऑयल चोरों के लिए आसान निशाना बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग हर दो-तीन वर्ष के अंतराल पर पाइपलाइन से तेल चोरी की बड़ी घटनाएं सामने आती रही हैं. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के कई दावे किए गए, लेकिन चोरी पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी.
गार्ड की तैनाती के बावजूद नहीं थम रहीं वारदातें
Jamui Oil Theft: पाइपलाइन की निगरानी के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, फिर भी चोर लगातार वारदात को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं. पूर्व में कुछ अंतरराज्यीय तस्करों की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद जगी थी कि चोरी पर अंकुश लगेगा, लेकिन हालिया घटना ने साबित कर दिया कि गिरोह अब भी सक्रिय है.
छह वर्षों में आठ बड़ी घटनाएं
झाझा और सिमुलतला क्षेत्र में पाइपलाइन से चोरी की प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं.
- 1 मार्च 2020 - सितुचक के पास पाइपलाइन में वाल्व लगाकर तेल चोरी.
- 14 अगस्त 2021 - बाराजोर के समीप खुदाई कर तेल चोरी.
- 12 मार्च 2022 - बाराजोर क्षेत्र में दोबारा पाइपलाइन से चोरी.
- 16 मई 2025 - सिमुलतला थाना क्षेत्र के सियाटांड़ के पास पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर चोरी.
- 1 नवंबर 2025 - झाझा थाना क्षेत्र के धीपालपहाड़ी जंगल में तेल चोरी.
- 8 मार्च 2026 - सितुचक के पास वाल्व लगाकर तेल चोरी.
- 8 अप्रैल 2026 - सिमुलतला थाना क्षेत्र के बसपुर जंगल में पाइपलाइन ड्रिल कर चोरी.
- 12 जुलाई 2026 - बाराजोर के समीप फिर हजारों लीटर क्रूड ऑयल की चोरी.
एसडीपीओ बोले- जल्द होंगे गिरफ्तार
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस तकनीकी जांच के माध्यम से मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्य जुटा रही है. पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जायेगी.
