छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के भजन पर दी शानदार प्रस्तुति, भावविभोर हुए दर्शक गिद्धौर. नवरात्र के शुभ अवसर पर गिद्धौर सेंट्रल स्कूल परिसर में बीते शुक्रवार संध्या डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक अमर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर की. इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा की महिमा को समर्पित पारंपरिक गीतों व गरबा-डांडिया की लयबद्ध प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. विद्यालय की छात्राएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत कर रही थीं. छुम छुम छाना नाना बजे मैया पांव पैजनिया गीत पर नन्हे बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया. मां दुर्गा के नौ स्वरूपों तथा राधा रानी की झांकी में सजी छात्राओं ने भावनात्मक व आध्यात्मिक माहौल बनाया. डांडिया उत्सव में छात्रा आराध्या कुमारी, मोनिका, राधा रानी, परी राज, मेघा कुमारी, आयुषी कुमारी, प्रियांशी कुमारी, अपर्णा कुमारी, आरोही कुमारी एवं सुहानी कुमारी समेत कई छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विद्यालय निदेशक अमर सिंह ने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति का प्रतीक पर्व है, जो शुद्धता, सौम्यता, देवी उपासना और लोक परंपराओं की रक्षा करता है. यह उत्सव सत्य की जीत और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है. कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा की आरती के साथ किया गया. मौके पर विद्यालय शिक्षक रंजीत कुमार, सुजीत कुमार, राकेश कुमार, संदीप राउत, शिक्षिकाएं अर्चना मिश्रा, बबीता झा, कोमल कुमारी, आकांक्षा सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्रा उनके अभिभावक व अन्य लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
