Jamui News: जमुई जिला मुख्यालय स्थित द्वारिका भवन में मंगलवार को भाकपा माले के संस्थापक महासचिव चारु मजूमदार की 54वीं पुण्यतिथि मनाई गई. इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा सभी शहीदों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर संकल्प सभा आयोजित की.
सामाजिक न्याय के संघर्ष को बताया चारु मजूमदार की विरासत
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव शम्भू शरण सिंह ने कहा कि चारु मजूमदार ने जीवनभर समाज में व्याप्त गैर-बराबरी, शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि भूमिहीनों, खेतिहर मजदूरों, छोटे किसानों, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
नक्सलबाड़ी आंदोलन का किया उल्लेख
मुख्य वक्ता एवं भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह ने कहा कि चारु मजूमदार ने शोषित और वंचित तबकों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में हुआ नक्सलबाड़ी किसान आंदोलन आज भी संघर्ष और सामाजिक बदलाव की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटना के रूप में याद किया जाता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया.
संकल्प सभा में नेताओं ने रखे विचार
सभा को संबोधित करते हुए बासुदेव राय और मोहम्मद हैदर ने भी चारु मजूमदार के विचारों को याद किया. उन्होंने खेतिहर मजदूरों, छोटे किसानों, दलितों और गरीब तबकों को संगठित कर सामाजिक गैर-बराबरी के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करने की बात कही.
काफी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
Jamui News: कार्यक्रम में ब्रह्मदेव ठाकुर, किरण गुप्ता, जिबरेली अंसारी, रिझु बास्के, रमन हांसदा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
