वाहन की टक्कर से पेड़ से टकरायी कार, युवक की मौत

जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि वाहन में सवार मृतक के ससुर को मामूली चोटें आयी हैं.

जमुई. जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि वाहन में सवार मृतक के ससुर को मामूली चोटें आयी हैं. हादसा डढ़वा नदी के समीप माधोपुर नीचे टोला के समीप हुआ. दुर्घटना के बाद कार में आग लगने की भी सूचना है. इससे कार पूरी तरह जलकर राख हो गयी. मृतक की पहचान देवघर जिला अंतर्गत बरमसिया मुहल्ला निवासी गुलाब दास के 30 वर्षीय पुत्र रतन कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बीते 17 फरवरी को रतन कुमार अपने ससुर बिंदेश्वरी दास के साथ चारपहिया वाहन से चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के भालुवा गांव जा रहे थे. इसी दौरान डढ़वा नदी के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी. दुर्घटना में रतन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत चकाई रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया. बाद में देवघर सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के पिता ने पुलिस को दिये बयान में अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद कार में अचानक आग लग गयी, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया. हालांकि आग लगने के कारणग्का पता जांच के बाद ही चलेगा. इस संबंध में चंद्रमंडीह थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि कार में आग लगने और एक युवक की मौत की सूचना मिली है. मृतक के ससुर को हल्की चोट आई है. अब तक थाना को मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >