शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार पेड़ से टकरायी, ससुर-बहू की मौत, चार घायल

चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और बहू की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये.

चकाई. चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और बहू की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर ‘अपना ढाबा’ के समीप सुबह करीब सात बजे हुआ. जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के धधोर गांव निवासी एक ही परिवार के लोग शादी समारोह से लौट रहे थे. सभी लोग सिकंदरा के कैंथवारा गांव में आयोजित रिसेप्शन समारोह में शामिल होकर देवघर स्थित कृष्णपुरी वापस जा रहे थे. इसी दौरान घुमावदार मोड़ पर चालक को झपकी आ जाने से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लिप्टस (यूकेलिप्टस) के पेड़ से जा टकरायी. टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार सवार कृषनंदन सिंह (60 वर्ष) और रिंकू देवी (50 वर्ष), पति ललन सिंह गेट खुलने से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद कार में फंसे तीन बच्चे प्रिया भारती, खुशबू भारती और गणेश कुमार व चालक ललन सिंह चीखने-चिल्लाने लगे. शोर सुनकर आसपास के होटल संचालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने कार को सीधा कर उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना के अपर थाना अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. स्थानीय लोगों ने घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >