सिकंदरा. नगर क्षेत्र स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर परिसर में चल रहे श्री श्री 1008 श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के अंतर्गत आयोजित भजन संध्या में बुधवार को भगवा फेम भजन गायिका शहनाज अख्तर ने अपने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. 10 अप्रैल से 18 अप्रैल तक चलने वाले इस दिव्य आयोजन के दौरान बुधवार की संध्या शहनाज अख्तर की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही. कार्यक्रम स्थल पुरानी दुर्गा स्थान परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. जैसे ही शहनाज अख्तर मंच पर पहुंचीं, कथा वाचिका बाल विदुषी सिद्धी किशोरी जी ने उनका भव्य स्वागत किया. मंच पर पहुंचते ही जय श्री राम और जय भवानी के गगनभेदी नारों के साथ शहनाज अख्तर का स्वागत हुआ. शहनाज अख्तर ने अपने प्रसिद्ध भजनों छुम छुम छनानन बाजे मैया पांव पैजनियां, पंडा कराय रहो पूजा मैया जी के झूमझूम के, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे और ये भगवा रंग से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. हर भजन के साथ श्रद्धालु भक्ति रस में डूबते नजर आए. शहनाज अख्तर ने मंच से उद्घोष किया, “मैं सनातन धर्म अपनाकर कट्टर हिंदूवादी बन गयी हूं. गर्व से कहती हूं कि मैं सनातनी हूं. उनकी इस घोषणा पर श्रद्धालुओं ने जयघोष कर उनका अभिनंदन किया. महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी की प्रतिकृति गुफा का दर्शन किया और मेले में लगे झूलों का आनंद लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
