झाझा के जंगल में IOC पाइपलाइन में सेंध, जेसीबी से खुदाई कर टैंकर से चुराया क्रूड ऑयल

OCL Pipeline Theft : इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की भूमिगत पाइपलाइन में अज्ञात अपराधियों ने सेंध लगा दी. जेसीबी से खुदाई कर टैंकरों के माध्यम से क्रूड ऑयल चोरी किया गया. आईओसीएल की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

IOCL Pipeline Theft : झाझा थाना क्षेत्र की बाराजोर पंचायत के पूर्वी जंगल में स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन में सेंध लगाकर अज्ञात अपराधियों ने तेल चोरी कर लिया. घटना बाराजोर के समीप पाइंट संख्या 409.5 के पास की है. आईओसीएल के सिमुलतला-झाझा-जमुई परिचालन अभियंता अतुल शिवम ने बताया कि कंट्रोल रूम से पाइपलाइन का प्रेशर कम होने की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां पाइपलाइन से तेल चोरी की पुष्टि हुई.

जेसीबी से खुदाई, पाइपलाइन में लगाया वॉल्व

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने जेसीबी मशीन से पाइपलाइन तक गहरी खुदाई की. इसके बाद पाइपलाइन में वॉल्व लगाकर टैंकर के माध्यम से क्रूड ऑयल निकाला गया. घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा और चारपहिया वाहन के टायरों के निशान मिले हैं, जिससे तेल ढोने के लिए टैंकर के इस्तेमाल की आशंका और मजबूत हो गई है.

16 सदस्यीय तकनीकी टीम मरम्मत में जुटी

आईओसीएल के मेंटेनेंस कर्मी मो. कलीम ने बताया कि पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी गई है. पहले पाइपलाइन पर विशेष सुरक्षा कवर लगाया जाएगा, उसके बाद तकनीकी परीक्षण कर लाइन को दोबारा चालू किया जाएगा. इस कार्य के लिए 16 सदस्यीय तकनीकी टीम लगाई गई है.

रविवार-सोमवार की रात हुई वारदात की आशंका

कंपनी के अधिकारियों के अनुसार तेल चोरी की घटना रविवार और सोमवार की रात के बीच हुई होने की आशंका है. हालांकि पाइपलाइन का दबाव कम होने का संकेत बुधवार को मिलने के बाद मामला सामने आया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि आईओसीएल की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. तकनीकी टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >