कियाजोरी में बाबा दुबे की विशेष पूजा आज, जुटेंगे बड़ी संख्या में श्रद्धालु, दूध की खीर बनेगी महाप्रसाद

चकाई प्रखंड के कियाजोरी गांव में बाबा दुबे मंदिर में आज एक विशेष पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इस पावन अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे. पूजा के बाद दूध से बनी खीर का महाप्रसाद बांटा जाएगा.

चकाई प्रखंड के कियाजोरी गांव स्थित बाबा दुबे मंदिर में सोमवार को होने वाली विशेष पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है. पूजा में चकाई प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. खासकर ब्राह्मण समाज के लोगों की इस आयोजन में विशेष भागीदारी रहती है.

सुबह से मंदिर परिसर में शुरू हो गयी तैयारी

विशेष पूजा को लेकर सोमवार सुबह से ही मंदिर परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गयी थीं. मंदिर की साफ-सफाई के साथ पूजा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था. मंदिर के पुजारी दशरथ पांडेय, मृत्युंजय पांडेय, नंदकिशोर पांडेय, दिवाकर पांडेय सहित अन्य लोग पूजन की तैयारियों में जुटे रहे.

शाम को बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

ग्रामीणों के अनुसार बाबा दुबे की पूजा में आसपास के गांवों के अलावा चकाई प्रखंड के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं. विशेष पूजा को लेकर शाम होते-होते मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है. श्रद्धालु विधि-विधान के साथ बाबा दुबे की आराधना करेंगे.

पूजा के बाद बांटा जाएगा खीर का महाप्रसाद

पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच दूध से तैयार खीर का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा. आयोजन को लेकर कियाजोरी और आसपास के गांवों में लोगों में खासा उत्साह है. ग्रामीणों का कहना है कि बाबा दुबे के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल होते हैं.

विशेष पूजा को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना हुआ है. आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By श्याम सिंह तोमर

श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >