ट्रेन में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल आरपीएफ को दें

रेल सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम को लेकर पिछले चार दिनों से आरपीएफ पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया.

सिमुलतला. रेल सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम को लेकर पिछले चार दिनों से आरपीएफ पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के तहत टेलवा, पठलचपटी, सलैया, सिमुलतला, नागवे, आसाना, खुरनडा, नारगंजो, टहवा, बलियाडीह और रजला गांवों में ग्रामीणों को जागरूक किया गया. अभियान में आरपीएफ की सिमुलतला पोस्ट के अधिकारियों व स्टाफ ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर रेल लाइन पार करने के खतरों, चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने की घटनाओं, मानव तस्करी, नशा खुरानी जैसे अपराधों तथा इनके दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी. इस दौरान श्री कुमार ने बताया कि रेल पटरी पार करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है. चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी से यात्रियों की जान जोखिम में पड़ती है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है. इसी तरह मानव तस्करी और नशा खुरानी जैसी घटनाओं से सावधान रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या आरपीएफ को देने की अपील की गयी. ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा खाने-पीने की वस्तु देने पर उसे स्वीकार न करें और बच्चों व किशोरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें. अभियान में आरपीएफ सिमुलतला के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित गांवों के मुखिया एवं वार्ड सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल रहे. जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की कि वे रेल संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें और अपराध के विरुद्ध जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि रेल सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सामाजिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >