जमुई के अलीगंज बाजार में शॉर्ट सर्किट से मोबाइल दुकान में लगी भीषण आग, 15 लाख से अधिक की संपत्ति जली

जमुई के अलीगंज बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का नुकसान हुआ. आग की लपटों और धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. दुकानदार ने प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की मांग की है.

Jamui Mobile Shop Fire : अलीगंज बाजार स्थित नाज मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान में रविवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. दुकान संचालक मो. बादशाह ने बताया कि रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद उन्होंने सभी बिजली कनेक्शन और मुख्य स्विच बंद कर घर चले गए थे. करीब दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर बताया कि दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान का शटर इतना गर्म हो चुका था कि उसे खोलना संभव नहीं था.

स्थानीय लोगों ने किया प्रयास, दमकल ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने बाल्टी और अन्य उपलब्ध साधनों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से पूरे दुकान में फैल चुकी थी. इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों तक भी आग फैलने का खतरा था.

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर जलकर राख

जब दमकल कर्मियों ने दुकान का शटर खोला तो अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था. दुकान में रखे दर्जनों महंगे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रैक, काउंटर, वायरिंग, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

दुकानदार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

घटना के बाद दुकान संचालक मो. बादशाह गहरे सदमे में हैं. उन्होंने प्रशासन और अग्निशमन विभाग से क्षति का आकलन कर उचित आपदा सहायता एवं आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें. उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही मिनटों में तबाह हो गया.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद होगी पुष्टि

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. इस घटना के बाद अलीगंज बाजार के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है और वे अपनी दुकानों की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गए हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >