Jamui News: बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में झाझा स्थित देवसुंदरी मेमोरियल महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन परिसर के गोबरोह खेल मैदान में बुधवार को 'रेड रन' कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया.
हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ की शुरुआत
कार्यक्रम कॉलेज के स्थानीय प्रभारी प्रो. ईश्वर पासवान की उपस्थिति में आयोजित हुआ. मुख्य अतिथि एवं मॉडल पदाधिकारी प्रो. डॉ. ईना बहन ने हरी झंडी दिखाकर जिला स्तरीय 'रेड रन' मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया. दौड़ में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
पूरे बिहार में चल रहा जागरूकता अभियान
प्रो. डॉ. ईना बहन ने कहा कि जुलाई माह में पूरे बिहार में युवाओं के बीच एचआईवी-एड्स से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान महाविद्यालय और जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा.
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान प्रो. रूबी सिंह ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा विभिन्न संक्रामक और असंक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया.
कई अधिकारी और चिकित्सक रहे मौजूद
कार्यक्रम में रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार, झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह, बाल्मीकि कुमार, दिनेश गोस्वामी, सुमित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
