सिकंदरा : थाना क्षेत्र के लोहंडा गांव के बहियार में स्थित एक कुएं से गुरुवार को एक युवती का शव बरामद किया गया. शव की शिनाख्त लोहंडा गांव निवासी योगेंद्र ठाकुर की 20 वर्षीय पुत्री मीना कुमारी के रुप में की गयी. जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह गांव से पश्चिम दिशा में बहियार स्थित एक पुराने कुएं में ग्रामीण की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी.
जिसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने शव को कुएं से बाहर निकाला. बाहर निकालने के उपरांत शव की पहचान गांव के ही योगेंद्र ठाकुर की पुत्री मीना कुमारी के रूप में हुई. घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी.
इस दौरान मृतक के पिता योगेंद्र ठाकुर ने बताया कि कई महीनों से मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. बिना घर वालों को बताए वह कभी भी घर से बाहर निकल जाती थी. थानाध्यक्ष राजवर्धन कुमार ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जायेगी.
