वज्रगृह में देर रात तक जमा होता रहा इवीएम

रवि कुमार, जमुई : नक्सल प्रभावित क्षेत्र जमुई में पहली बार शांतिपूर्वक मतदान हुआ. शांतिपूर्वक मतदान से जहां आमलोग खुश हैं, वहीं प्रशासन ने भी राहत की सांस ली. हालांकि जमुई की चार सीटों पर मतदान का समय चार बजे तक ही था. यही कारण था कि शाम पांच बजते-बजते ही वज्रगृह में इवीएम का […]

रवि कुमार, जमुई : नक्सल प्रभावित क्षेत्र जमुई में पहली बार शांतिपूर्वक मतदान हुआ. शांतिपूर्वक मतदान से जहां आमलोग खुश हैं, वहीं प्रशासन ने भी राहत की सांस ली. हालांकि जमुई की चार सीटों पर मतदान का समय चार बजे तक ही था. यही कारण था कि शाम पांच बजते-बजते ही वज्रगृह में इवीएम का पहुंचना शुरू हो गया. केकेएम कॉलेज में वज्रगृह बनाया गया है.

देर शाम तक इवीएम पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. जमुई लोकसभा क्षेत्र में एक विधानसभा क्षेत्र शेखपुरा जिले का जबकि एक मुंगेर जिले का तारापुर विधानसभा क्षेत्र शामिल है. यही कारण है कि देर रात तक वज्रगृह में इवीएम जमा करने का सिलसिला जारी रहा.
वज्रगृह में विधानसभावार काउंटर इवीएम, वीवीपैट जमा करने के लिए काउंटर बनाया गया था. एक काउंटर पर एक बार में 50 इवीएम जमा करने की व्यवस्था थी. एक ओर जहां शाम सात बजते-बजते अधिकांश जगहों से इवीएम पहुंच गया, वहीं भारी भीड़ लग गयी.
इसके बाद कई मतदान कर्मी कॉलेज के मैदान पर ही बैठ गये और अपना अधूरा काम निबटाने में जुटे रहे. गाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण केकेएम कॉलेज रोड में जाम लगा रहा. मतदान समाप्ति के बाद डीएम, एसपी सहित सभी अधिकारी वज्रगृह में जमे रहे. वज्रगृह की सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी है.
चिराग व भूदेव ने किया अपनी-अपनी जीत का दावा
जमुई. मतदान समाप्ति के बाद एक ओर जहां आमलोग जीत-हार की चर्चा में व्यस्त थे तो दूसरी ओर प्रत्याशी व उनके समर्थक बूथ पर पड़े वोटों के गुणा-भाग में जुटे रहे. वैसे तो कुल नौ प्रत्याशी मैदान में थे. मुख्य मुकाबला एनडीए व महागठबंधन प्रत्याशी के बीच था. मतदान समाप्ति के बाद दोनों दलों के समर्थक व प्रत्याशी ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया .
एनडीए के लोजपा प्रत्याशी चिराग पासवान ने कहा कि जनता ने मुझ पर व नरेंद्र मोदी पर भरोसा किया है. मेरे पक्ष में भारी मतदान हुआ है. उनका कहीं मुकाबला नहीं है. मतदान के दौरान जहां भी जा रहे थे, जनता का भरपूर स्नेह मिल रहा था. हम भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे. पिछले बार की अपेक्षा इस बार जीत का अंतर बड़ा होगा.
वहीं दूसरी ओर महागठबंधन के रालोसपा प्रत्याशी भूदेव चौधरी ने शांतिपूर्वक मतदान के लिए जनता को बधाई दी. श्री चौधरी ने कहा कि जनता का आभार व्यक्त करता हूं. जनता ने अभिरूची लेकर हमें भारी आशीर्वाद दिया है. हमारी जीत तय है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >