लक्ष्मीपुर : एसपी जे रेड्डी ने मंगलवार को लक्ष्मीपुर थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ कई बिंदुओं पर विचार विमर्श कर सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक जानकारी दिया.
इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में बनाए गए क्लस्टर और केंद्रीय सुरक्षा बलों के रहने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली. एसपी ने थाना क्षेत्र के मतदान केंद्र और वहां की भौगोलिक स्थिति और नक्सल गतिविधि के बाबत चर्चा कर अधिकारियों को विशेष नजर बनाए रखने की हिदायत दी.
साथ ही वैसे लोगों को चिन्हित करने का निर्देश दिया जो शांतिपूर्ण चुनाव के मार्ग में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं. लाल वारंटियों अथवा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्ती से कार्रवाई करने की बात कही. निर्देश दिया कि चुनाव से पहले एक भी अपराधी जेल से बाहर न रहे.
थानाध्यक्ष को उन स्थानों को चिन्हित कर वहां केन्द्रीय सुरक्षा बलों के साथ लगातार फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया. जहां पूर्व के दिनों में चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा खलल डालने का प्रयास किया गया था. इसके पूर्व एसपी जे रेड्डी ने मटिया स्थित आदर्श मध्य विद्यालय के प्रांगण में बनाए गए एसएसबी कैंप का भी निरीक्षण किया और एसएस बी अधिकारियों से क्षेत्र को लेकर बातचीत किया.
चुनाव को लेकर सुरक्षा बलों ने किया फ्लैग मार्च
लक्ष्मीपुर. लोकसभा चुनाव को लेकर सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने फ्लैग मार्च किया. एसआई त्रिपुरारी प्रसाद, एएसआई विश्वनाथ राम के नेतृत्व में एसएसबी जवानों द्वारा मटिया स्कूल से फ्लैग मार्च प्रारंभ कर मटिया बाजार होकर पीपराबांध के रास्ते महुआटांड़, रंगीनियां, मोहनपुर एवं आनंदपुर सहित लगभग आधा दर्जन से अधिक नक्सल प्रभावित गांवों का भ्रमण किया.
जवानों द्वारा किए गए फ्लैग मार्च को लेकर मटिया सहित आसपास के गांवों में चुनाव के दौरान सरकार की ओर से शांतिपूर्ण मतदान कराने को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे. इस दौरान जवानों ने नक्सल प्रभावित गांवों के बुथों और उसके आसपास के क्षेत्रों की भी जांच कर लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने का भरोसा दिलाया.
