डेढ़ माह में मात्र 2600 एमटी धान की खरीद

153 पैक्स व 10 व्यापार मंडल के द्वारा की जा रही है धान की खरीद मात्र 55 पैक्स के पास है नमी मापक यंत्र जमुई : धान अधिप्राप्ति शुरू होने के डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जिले में अधिप्राप्ति की हालत बहुत खस्ता है और सरकार द्वारा दिये गये लक्ष्य […]

153 पैक्स व 10 व्यापार मंडल के द्वारा की जा रही है धान की खरीद

मात्र 55 पैक्स के पास है नमी मापक यंत्र
जमुई : धान अधिप्राप्ति शुरू होने के डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जिले में अधिप्राप्ति की हालत बहुत खस्ता है और सरकार द्वारा दिये गये लक्ष्य 41 हजार एमटी के विरुद्ध अभी तक मात्र 2600 एमटी धान की अधिप्राप्ति हुई है. यानि वर्तमान समय में कुल निर्धारित लक्ष्य के मात्र सात प्रतिशत धान की अधिप्राप्ति हुई है जो जिले के लिए काफी चिंताजनक बात है.
किसानों की मानें तो बार बार पैक्स और व्यापार मंडल के द्वारा धान अधिप्राप्ति में यह कह कर बहानेबाजी की जा रही है कि अभी नमी बहुत अधिक है. जबकि हमलोग विगत कुछ दिनों से अपने खेतों में मेहनत से लगाये हुए धान की कटाई करके और उसे तैयार करके बेचने के लिए पैक्स और व्यापार मंडल में लेकर जा रहे हैं.
लेकिन उनके द्वारा बस इतना ही कहा जाता है कि अभी नमी बहुत अधिक है इसलिए धान लेना संभव नहीं है. जिसके कारण अपना धान स्थानीय या बाहरी व्यापारियों के पास कम दाम में बेचने को विवश हैं. पैक्स या व्यापार मंडल के द्वारा ससमय धान ले लेने के बाद भी हमलोगों को सरकार के द्वारा दिये जाने वाले धान की खरीद के बदले समर्थन मूल्य की राशि के लिए बार बार परेशान होना पड़ रहा है. कई पैक्स के द्वारा तो कुछ दिनों पूर्व हमलोगों को राशि का भुगतान किया गया है. यह कोई नयी बात नहीं है.
हर बार पैक्स या व्यापार मंडल के द्वारा धान खरीदने के बाद हमलोगों को बार बार यह कह कर परेशान किया जाता है कि अभी सरकार की ओर से राशि नहीं उपलब्ध कराया गया है. जिसके कारण हमलोग बार बार इस परेशानी को झेलने को विवश हैं. किसान रामेंद्र कुमार, रामकिशोर सिंह, रंजीत कुमार, मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार, मनोहर कुमार सिंह, तेजस कुमार सिंह, अरुण कुमार आदि ने बताया कि हमलोग अगर स्थानीय व्यापारी या बाहरी व्यापारी के पास धान बेचते हैं तो पैक्स या व्यापार मंडल की अपेक्षा राशि कम मिलती है लेकिन तुरंत ही राशि का भुगतान कर दिया जाता है. व्यापार मंडल या पैक्स की इस लचर व्यवस्था के कारण हमलोगों को काफी फजीहत उठानी पड़ती है. न जाने इस व्यवस्था में कब सुधार होगी.
कहते हैं पदाधिकारी
15 जनवरी के पश्चात तापमान में बढ़ोतरी के होने के पश्चात नमी घटने पर धान अधिप्राप्ति में तेजी आयेगी और 31 मार्च तक कुल निर्धारित लक्ष्य के एवज में धान की खरीद कर ली जायेगी.
संजय कुमार मंडल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जमुई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >