बिहार : समाज सुधार के बिना विकास नहीं : नीतीश कुमार

जमुई/मुंगेर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत गुरुवार को जमुई से की. इसके बाद वे मुंगेर पहुंचे. दोनों ही जिलों में उन्होंने योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया. इस दौरान मुंगेर के नौवागढ़ी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सामाजिक परिवर्तन […]

जमुई/मुंगेर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत गुरुवार को जमुई से की. इसके बाद वे मुंगेर पहुंचे. दोनों ही जिलों में उन्होंने योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया.
इस दौरान मुंगेर के नौवागढ़ी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सामाजिक परिवर्तन से ही बिहार बदल रहा है. शराबबंदी से इसकी शुरुआत हो चुकी है.
समाज सुधार के बिना विकास संभव नहीं है. सीएम ने कहा कि मुंगेर के खैरा में ही हमने दहेज के विरुद्ध लोगों का आह्वान किया था और उसके बाद बाल विवाह व दहेज के विरुद्ध सरकार ने अभियान शुरू किया. इसलिए मुंगेर की धरती हमारे लिए इस मामले में खास है. इस मौके पर उन्होंने 233 करोड़ की लागत से 28 योजनाओं का उद‍्घाटन व शिलान्यास भी किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष मई में जब वे खैरा में फ्लोराइडमुक्त पानी का उद‍्घाटन करने आये थे, तो वहीं उन्होंने पहली बार लोगों से आह्वान किया था कि वे दहेज प्रथा का विरोध करें. जो दहेज ले उनके घर समारोह में न जायें. उसके बाद भी उन्होंने तय किया कि वे बिहार को बाल विवाह व दहेज से मुक्त करेंगे.
2 अक्तूबर गांधी जी की जयंती से राज्य में बाल विवाह व दहेज के विरुद्ध अभियान चला है और इसमें लोगों की जनभागीदारी बढ़ी है. उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि 21 जनवरी 2018 को मानव शृंखला में भाग लेकर बाल विवाह व दहेज के विरुद्ध संकल्प लें.
आमसभा को राज्य के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, विधायक मेवालाल चौधरी, महापौर रूमा राज ने भी संबोधित किया. जबकि मौके पर राज्य के पूर्व मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा, पूर्व विधायक अनंत कुमार सत्यार्थी एवं नीता चौधरी मुख्य रूप से मौजूद थे.
शराबबंदी सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शराबबंदी बिहार में सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद है और आज काफी तेजी से सामाजिक माहौल बदला है. जो लोग शराब में बर्बाद हो रहे थे उनकी स्थिति सुधरी है और घर का वातावरण शांत हुआ है. जिन पैसों का उपयोग शराब के लिए किया जाता था उससे बच्चों की पढ़ाई व घर की बेहतरी के लिए किया जा रहा.
उन्होंने कहा कि आज भी चंद लोग चोरी-छिपे शराब में लिप्त हैं और कहीं-कहीं ऐसे तत्व सरकारी तंत्र का भी मदद ले लेते. लेकिन हम छोड़ने वाले नहीं हैं. ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी. हमने बिहार में पुलिस महानिदेशक मद्य निषेध का पद सृजित किया है और गांव-गांव के विद्युत ट्रांसफॉर्मर पर विभाग के नंबर के बोर्ड लगाये जायेंगे. जिसके माध्यम से लोग सूचना करेंगे और उस पर कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों का नाम किसी भी हाल में उजागर नहीं होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए वे नयी टेक्नोलॉजी का भी सहारा लेंगे.
बिजली पोल पर लिखे जायेंगे गोपनीय नंबर
समीक्षा विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड स्थित काला जिनहरा हाई स्कूल के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शराबबंदी के बाद से प्रदेश में अच्छा असर देखने को मिल रहा है. अपराध में कमी आयी है तथा दुर्घटनाएं भी कम हुई हैं.
उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति खुले में शौच को त्याग दे और उन्हें शुद्ध पेयजल मुहैया हो जाये तो 90 प्रतिशत तक बीमारियां कम हो जायेंगी. सीएम ने लोगों से दहेज प्रथा तथा बाल विवाह प्रथा उन्मूलन में भागीदारी निभाने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि यदि आप यह प्रण कर लें कि जिस शादी में दहेज का लेनदेन किया गया है, आपको वहां नहीं जाना है, तो दहेज प्रथा खुद-ब-खुद जड़ से समाप्त हो जायेगा. आने वाले दिनों में बिहार में सड़कों का चौड़ीकरण किया जायेगा तथा 2018 तक सभी गांवों को बिजली मुहैया करा दी जायेगी.
उन्होंने शराबबंदी को लेकर कहा कि मैं जानता हूं कि हर समाज में दो नंबर का काम करने वाले लोग होते हैं, जो घूस देकर सरकारी तंत्र को भी अपने साथ मिला लेते हैं. इसके निवारण को लेकर सरकार के द्वारा सभी बिजली पोल पर एक नंबर लिखा जायेगा. इसपर एक फोन करने से आपकी पहचान को गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि महिला महाविद्यालय बनाये जाने को लेकर प्रस्ताव भेजा जा चुका है. जल्द ही जमुई जिला को भी अपना महिला महाविद्यालय मिल जायेगा.
इसके पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार ने हेलीकॉप्टर से उतरते ही काला पंचायत के 01 नंबर वार्ड में सात निश्चय योजना के तहत हुए विकास कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से भी विकास कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए कुशल क्षेम पूछा. इस दौरान उन्होंने मंच से ही रिमोट के जरिये मंच के बाएं तरफ लगे शिलापट का शिलान्यास किया. इस दौरान 2 अरब 46 करोड़ की 323 योजना का शिलान्यास किया तथा 2 अरब 47 करोड़ की 520 योजना का उद्घाटन किया.
सीएम आज लखीसराय के हलसी में
नीतीश शुक्रवार को द्वितीय चरण की विकास समीक्षा यात्रा के दौरान अपने तय कार्यक्रम के अनुसार दिन के 11 बजे दिन में लखीसराय जिला के हलसी प्रखंड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे.
यहां दो घंटे के निर्धारित कार्यक्रम में आगत गांव में जाकर सात निश्चय योजना का जायजा लेंगे. कृषि विज्ञान केंद्र में ही जिले के लगभग 93 करोड़ लागत वाली योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद आम सभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जिला प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्रवण कुमार एवं स्थानीय विधायक सह सूबे के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी साथ रहेंगे.
सावधानी हटी दुर्घटना घटी
मुख्यमंत्री ने महिलाओं का आह्वान किया कि आपके कहने पर ही हमने बिहार में शराबबंदी लागू की है. इसलिए आप सजग रहें और किसी भी हाल में अब शराब की बिक्री व सेवन नहीं होने दिया जायेगा. उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप जब ध्यान नहीं देगी तो वहीं स्थिति होगी कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी. इधर, नौवागढ़ी के जनसभा में जन अधिकार छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे लगाये और काला गमछा दिखाकर विरोध प्रदर्शित किया. विरोध प्रदर्शित करने वाले संगठन के प्रदेश सचिव मनोज कुमार मंडल व जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप यादव को तत्काल ही पुलिस अधिकारियों ने दबोच लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >