चार ट्रेनें की गयी रद्द
कई ट्रेनों का परिचालन हुआ प्रभावित
घंटों देर से खुली कई ट्रेनें
परेशानियों से जूझते रहे रेलयात्री
झाझा : आसनसोल रेल मंडल द्वारा सिमुलतला स्टेशन पर कार्य को लेकर चार घंटे व दानापुर रेल मंडल द्वारा मननपुर रेलवे स्टेशन के पास कार्य को लेकर तीन घंटे का मेगा ब्लॉक रविवार को किया गया .दोनों ब्लॉक डाउन लाइन पर लिया गया .जिस कारण चार मेमू सवारी गाड़ी को रद्द कर दिया गया. रद्द होने वाली ट्रेन आसनसोल-झाझा-देवघर सवारी गाड़ी संख्या 63565अप/63566 डाउन एवं आसनसोल- झाझा- आसनसोल सवारी गाड़ी संख्या 63567अप/63568 डाउन है.
इस कारण रविवार को झाझा स्टेशन पर रेलवे यात्रियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी. यात्रियों की समस्या को देखते हुए आसनसोल रेल मंडल ने एक विशेष सवारी गाड़ी का परिचालन किया, जो जसीडीह से झाझा के बीच चलायी गयी. यह लिंकअप ट्रेन थी जो आसनसोल- झाझा- आसनसोल ट्रेन जो जसीडीह तक ही चली को जोड़ते हुए जसीडीह से झाझा के बीच जोड़कर चलायी गयी. वहीं ब्लॉक के चलते अमृतसर- हावड़ा पंजाब मेल एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 13006 डाउन 11 घंटा, नयी दिल्ली- हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 12304 डाउन 4 घंटा, मोकामा- हावड़ा सवारी गाड़ी संख्या 53050 डाउन तीन घंटे की देरी से झाझा पहुंची.
