सोनो(जमुई) : थाना क्षेत्र के सारेबाद पंचायत अंतर्गत तहबाला गांव में तीन माह पूर्व जमीन विवाद में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड का एक और आरोपित गिरफ्तार हुआ. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि उक्त कांड का आरोपित 30 वर्षीय लीरा यादव को बीते सोमवार की रात्रि झाझा से गिरफ्तार कर लिया गया.
तिहरे हत्याकांड का एक और आरोपित गिरफ्तार
सोनो(जमुई) : थाना क्षेत्र के सारेबाद पंचायत अंतर्गत तहबाला गांव में तीन माह पूर्व जमीन विवाद में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड का एक और आरोपित गिरफ्तार हुआ. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि उक्त कांड का आरोपित 30 वर्षीय लीरा यादव को बीते सोमवार की रात्रि झाझा से गिरफ्तार कर लिया गया. […]

पुलिस को लीरा के बारे में गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में सोनो पुलिस की एक टीम झाझा मुख्य मार्ग पर जाल बिछा कर लीरा को गिरफ्तार कर लिया. इस तिहरे हत्याकांड में नौ आरोपितों में लीरा के रूप में चौथी गिरफ्तारी हुई है. बताते चलें कि तहबाला से एक किलोमीटर दूर सबेजोर के बहोर जोर बहियार में बीते 14 अगस्त की सुबह जमीन विवाद में ऐसी हिंसक झड़प हुई कि एक पक्ष के तीन लोगों की जान चली गयी. इस घटना में जहां सरयुग यादव की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गयी वही उनके भाई भरत यादव की मृत्यु जमुई अस्पताल में हो गयी थी.
इसी घटना में गंभीर रूप से घायल अखिलेश यादव की मृत्यु दो दिन बाद पटना में इलाज के दौरान हो गयी थी. उस वक्त पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित ब्रह्मदेव यादव व आसो यादव को फौरन गिरफ्तार कर लिया था जबकि एक अन्य आरोपित टुनटुन यादव को 16 अगस्त की शाम झाझा से गिरफ्तार किया गया था.
उस वक्त तीन लोगों की हत्या से दहले तहबाला के सैकड़ों ग्रामीणों ने शेष आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम भी किया था जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों के घर कुर्की जब्ती किया था. लीरा की गिरफ्तारी के बाद भी लगभग आधा दर्जन आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है.