निरीक्षण . विधायक व सीएस ने मरीजों व परिजनों से की बात
रेफरल अस्पताल झाझा व बुढ़ीखाड़ अस्पताल विभिन्न वार्डों का किया सूक्ष्म अवलोकन
झाझा : स्थानीय विधायक डा रविंद्र यादव व सिविल सर्जन डा श्याम मोहन दास ने गुरुवार को रेफरल अस्पताल झाझा व बुढ़ीखाड़ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, इंडोर, आउटडोर आदि का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान चिकित्सक व कर्मियों के अनुपस्थित रहने पर उचित कार्रवाई करने की बात भी की. सीएस श्री दास ने रेफरल चिकित्सा प्रभारी डा अरुण कुमार सिंह से अस्पताल के कर्मी, उपलब्ध दवाई सहित अन्य जानकारी ली. चिकित्सा प्रभारी के कार्यकलाप पर संतोष जाहिर करते हुए सीएस ने मरीजों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा.
उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवा 24 घंटे काम करते रहना चाहिए, ताकि किसी मरीजों को कोई परेशानी ना हो. जबकि विधायक डा यादव ने चिकित्सा प्रभारी को सदैव तत्त्पर रहकर कार्य करने को कहा. अनुपस्थित कर्मियों के बारे में पूछताछ करने पर छुट्टी का आवेदन दिखाया गया. जिसे लेते हुए सीएस श्री दास ने कहा कि प्रथम दृष्टया पांचों आवेदन एक ही व्यक्ति द्वारा लिखा हुआ प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि इस आवेदन की लिखावट की जांच की जायेगी व सभी आवेदन एक ही व्यक्ति द्वारा लिखा पाया गया तो लिखने वाले व जिनके नाम से आवेदन है सभी पर कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान जिला परिषद सदस्य पवन राम, पूर्व नप अध्यक्ष संजय सिन्हा, उपाध्यक्ष संजय यादव आदि मौजूद थे.
बूढ़ीखार अस्पताल को मिलेगा चिकित्सक
विधायक व सीएस ने बूढ़ीखार अस्पताल का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर इस अस्पताल को जल्द ही एक चिकित्सक देने की बात कहते हुए कहा. सीएस श्री दास ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए ही सरकार के द्वारा सरकारी अस्पताल में दवा आदि की व्यवस्था की जाती है. उपलब्ध संसाधन के आधार पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर सेवा प्रदान करना है. कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जायेगी.
