Ip Gupta protest: जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत धमसेना गांव में ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंश यादव की मौत के बाद माहौल गमगीन और तनावपूर्ण बना हुआ है. देर रात रौशन आनंद के पैतृक गांव धमसेना पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में रहा और सहरसा एसपी हिमांशु कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे.
विधायक के पहुंचते ही ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
देर रात जब सहरसा सदर विधायक आईपी गुप्ता रौशन आनंद के घर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका विरोध किया. आक्रोशित लोगों का कहना था कि यदि जनप्रतिनिधि समय रहते रौशन आनंद की आवाज उठाते तो आज यह घटना नहीं होती. ग्रामीणों ने विधायक पर केवल श्रद्धांजलि देने और फोटो खिंचवाने के लिए आने का आरोप लगाया.
दिन में डॉ. गौतम कृष्ण का भी हुआ विरोध
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले दिन में पहुंचे विधायक डॉ. गौतम कृष्ण का भी विरोध किया गया था. लोगों का आरोप था कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है.
भाई का अंतिम दर्शन कर भावुक हुए रौशन आनंद
देर रात गांव पहुंचे रौशन आनंद अपने भाई प्रिंश यादव का अंतिम दर्शन कर भावुक हो गए. परिजनों और ग्रामीणों के बीच शोक का माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों के बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर भी आशंका जताई जा रही है. लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मौत की परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा किया जाना चाहिए.
शहर बंद की चेतावनी
घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने सहरसा शहर बंद करने की चेतावनी भी दी है. गांव में लगातार लोगों की भीड़ जुट रही है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें: शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
