Hajipur Crime News : हाजीपुर के सकरा बाजार से निजी कार्य निपटाकर घर लौट रहे एक युवक को वैशाली जिले की सीमा के पास बलिगांव थाना क्षेत्र में बाइक सवार चार अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वारदात के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. घायल युवक को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार युवक के दोनों पैरों में गोली लगी है. समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मुजफ्फरपुर के बरियारपुर का निवासी है धनराज
घायल की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र निवासी विजयवाला कुमार ठाकुर के पुत्र धनराज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस को दिए फर्दबयान में धनराज ने बताया कि वह सकरा बाजार से अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था. इसी दौरान वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के वीजपुरा गांव के समीप उसे लघुशंका लगी. उसने सड़क किनारे अपनी गाड़ी रोक दी.
दो बाइक से पहुंचे चार अपराधियों ने की फायरिंग
धनराज के अनुसार, वह जैसे ही सड़क किनारे रुका, पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने उसे अकेला पाकर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुए हमले में वह संभल नहीं सका और दोनों पैरों में गोली लगने से सड़क पर गिर पड़ा.
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी अपराधी वहां से फरार हो चुके थे. घायल युवक ने पुलिस को बताया कि अपराधियों ने गोली मारने के साथ उसके पास मौजूद दो लाख रुपये नकद भी लूट लिए.
दो नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. घायल युवक के फर्दबयान के आधार पर दो नामजद और दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मामले की जांच की जा रही
बलिगांव थानाध्यक्ष रामनिवास ने बताया कि वीजपुरा गांव के समीप युवक को गोली मारे जाने की घटना हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा लगाए गए दो लाख रुपये लूटने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही लूट के आरोप की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
