Hajipur Power outage: बिदुपुर प्रखंड क्षेत्र के काजीपट्टी चांदपुरा सैदाबाद स्थित चांदनी चौक के समीप विद्युत पोल में अचानक आग लग जाने से बिजली तार पूरी तरह जल गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई. इसके कारण करीब 12 घंटे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही.
बिजली बहाल होने के बाद बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद से क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है. कभी लो-वोल्टेज तो कभी अत्यधिक हाई-वोल्टेज की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई घरों के विद्युत उपकरण हुए खराब
ग्रामीणों ने बताया कि अधिक वोल्टेज के कारण कई घरों में पंखा, टीवी, बल्ब, फ्रिज, चार्जर सहित अन्य विद्युत उपकरण जल गए हैं. इससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है.
एक सप्ताह बाद भी नहीं हुआ समाधान
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि घटना को करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक विद्युत विभाग की ओर से वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लगातार हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
विद्युत विभाग से की सुधार की मांग
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सहायक विद्युत अभियंता को आवेदन देकर जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और वोल्टेज की समस्या का समाधान कराने की मांग की है.
मौके पर सूरजदेव राय, पशुपति सिंह, चंद्रिका राय, राजीव रंजन, शशि राय, संजय रंजन, वीरेंद्र सिंह, संजीत सिंह, अभय राय, देवेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल सिंह, चंद्रशेखर पासवान, सोनेलाल राय सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
